बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के चिंगराजपारा स्थित सूर्या चौक के पास धारदार चाकू लहराकर आम लोगों को डराने-धमकाने के मामले में पुलिस ने एक युवक और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा है। पुलिस ने आरोपी पप्पू यादव (24) के कब्जे से 9.5 इंच लंबा स्टील का बटनदार चाकू जब्त किया है। वयस्क आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सरकंडा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि सूर्या चौक चिंगराजपारा के पास एक व्यक्ति धारदार चाकू लेकर आने-जाने वाले लोगों को डरा-धमका रहा है। उसके साथ एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में मुख्य आरोपी की पहचान पप्पू यादव पिता लक्ष्मण यादव, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मी चौक चिंगराजपारा, थाना सरकंडा के रूप में हुई। उसके साथ पकड़ा गया विधि से संघर्षरत बालक गणेश चौक, सरकंडा का निवासी है।
पुलिस ने पप्पू यादव के कब्जे से 9.5 इंच लंबा स्टील का बटनदार धारदार चाकू जब्त किया। दोनों के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5) के तहत कार्रवाई की गई। वयस्क आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई।