मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 63 कार्यों का किया लोकार्पण, 54 का भूमिपूजन; जल संचय अभियान में सूरजपुर प्रदेश में प्रथम, देश में चौथे स्थान पर,,,,,


राजधानी रिपोर्टर/सौरभ साहू कि रिपोर्ट,,,

लोकेशन,नगर पंचायत प्रेमनगर जिला सूरजपुर छत्तीसगढ़।।


सूरजपुर/प्रेमनगर,दिनांक 28 अक्टूबर 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को सूरजपुर जिले को 232 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी। रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री ने 24.29 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण 63 विकास कार्यों का लोकार्पण तथा 208.20 करोड़ रुपये की लागत वाले 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान उन्होंने प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ रुपये के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।


 प्रेमनगर में डोम, इंडोर स्टेडियम और सड़क निर्माण की घोषणा 


मुख्यमंत्री ने मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपये, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपये तथा वार्ड क्रमांक 10, 11 एवं 12 से विश्रामगृह तक लगभग दो किलोमीटर बीटी सड़क निर्माण के लिए 1.20 करोड़ रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में विकास की संभावनाओं को साकार करना सरकार का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सिंचाई और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है। प्रतिकूल मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से खेद भी व्यक्त किया।


 जल संरक्षण में सूरजपुर की उपलब्धि, 2,212 कार्यों पर खर्च होंगे 130.56 करोड़ 


जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर जिले के प्रदेश में प्रथम और देश में चौथे स्थान पर रहने पर मुख्यमंत्री ने जिलेवासियों और प्रशासनिक टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन के 2,212 कार्यों पर 130.56 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन कार्यों से वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, भूजल स्तर में सुधार और ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने का लक्ष्य है।


 किसानों, महिलाओं और आदिवासी परिवारों के कल्याण पर जोर 


मुख्यमंत्री ने किसानों की समृद्धि, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, महतारी वंदन योजना और विशेष पिछड़ी जनजातियों के लिए प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और जरूरतमंद परिवारों तक आवास एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का है।

उन्होंने सुशासन के तहत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, सेवा सेतु और अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के माध्यम से शासकीय सेवाओं को नागरिकों के लिए सरल और सुलभ बनाने की बात कही। मुख्यमंत्री ने अंजोर विजन 2047 के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जनभागीदारी का आह्वान भी किया।


 कृषि मंत्री और महिला एवं बाल विकास मंत्री ने भी किया संबोधित 


कार्यक्रम को कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने संबोधित करते हुए सरगुजा संभाग में विकास कार्यों को गति देने और ग्राम पंचायतों की आवश्यकताओं के अनुसार निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने महतारी वंदन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना और महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों की जानकारी दी।

इस अवसर पर प्रेमनगर विधायक भूलन सिंह मरावी, प्रतापपुर विधायक शकुंतला पोर्ते, जिला पंचायत अध्यक्ष चंदमणि पैकरा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष रेखा राजवाड़े सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक अधिकारियों में सरगुजा आयुक्त नरेंद्र दुग्गा, आईजी दीपक झा, कलेक्टर रेना जमील, पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र सिंह पाटले सहित अन्य अधिकारी शामिल हुए।

जिले में घोषित विकास कार्यों के समयबद्ध क्रियान्वयन और निर्माण की गुणवत्ता पर अब विशेष नजर रहेगी, ताकि इन परियोजनाओं का लाभ ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के नागरिकों तक पहुंच सके।