
*सीसीटीवी फुटेज और कार नंबर से पुलिस आरोपी तक पहुंची, मां-बेटे के मोबाइल सहित वारदात में प्रयुक्त कार और अन्य साक्ष्य जब्त*
*राजधानी रिपोर्टर / सौरभ साहू की विशेष रिपोर्ट*
*सूरजपुर।* छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में शिक्षिका रजनी बरेठ और उनके बेटे सुजल बरेठ की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों हत्याओं के आरोप में प्रवेश कुमार उर्फ परवेश (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 19 लाख रुपये हासिल करने की लालच में शिक्षिका की हत्या की गई, जबकि घटना का राज खुलने के डर से उनके बेटे को भी मौत के घाट उतार दिया गया। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
जंगल में मिला था सुजल का शव, घर के बाथरूम में मृत मिली थीं शिक्षिका
पुलिस के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 को ग्राम महाबीरपुर के सरपंच को कोरयाबारी नर्सरी जंगल के पास कच्ची सड़क किनारे नाली में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची जयनगर पुलिस ने शव की पहचान सुजल बरेठ के रूप में की। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में हत्या की आशंका सामने आने पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इसी बीच, 11 अक्टूबर की रात विश्रामपुर स्थित ममता कॉलोनी में किराये के मकान का ताला खुलवाने पर शिक्षिका रजनी बरेठ का शव बाथरूम में मिला। पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की बात सामने आई। इसके बाद दोनों मामलों को जोड़कर पुलिस ने जांच तेज कर दी।
19 लाख रुपये के लिए हत्या करने का आरोप
पुलिस की पूछताछ के अनुसार, आरोपी की पत्नी और रजनी बरेठ एक ही स्कूल में शिक्षिका थीं। इसी परिचय के कारण आरोपी का रजनी के घर आना-जाना था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पर पहले से कर्ज था और उसे पैसों की जरूरत थी। उसे जानकारी थी कि रजनी बरेठ लगभग 19 लाख रुपये का ऋण लेने वाली थीं।
आरोप है कि 9 अक्टूबर को आरोपी ने रजनी से रुपये मांगे। इनकार करने पर विवाद हुआ और उसने स्टील की पानी की बोतल से सिर पर वार किया। इसके बाद गला दबाकर उनकी हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, घर में मौजूद सुजल को घटना की जानकारी होने की आशंका से आरोपी ने उसे भी रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
कार में घुमाने के बाद जंगल में की बेटे की हत्या
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सुजल को उसकी मां के अपने घर पर होने की बात कहकर कार में बैठाया। इसके बाद उसे अलग-अलग स्थानों पर घुमाते हुए राई जंगल की ओर ले गया। वहां स्टोल से गला कसने और मारपीट करने के बाद सीमेंट के खंभे के टुकड़े से सिर व सीने पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की कोशिश की गई।
सीसीटीवी फुटेज ने खोला हत्या का राज
दोनों हत्याओं की जांच में पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने शहर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में मृतिका के घर की ओर जाते एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियां सामने आईं। कार वॉशिंग सेंटर के फुटेज से मिले सुराग और वाहन क्रमांक CG 15 EG 7101के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची। पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर परदोनों हत्याओं में अपनी भूमिका स्वीकार की।
मोबाइल, दस्तावेज, जेवर और वारदात में प्रयुक्त सामान जब्त
पुलिस ने आरोपी के विश्रामपुर स्थित घर से सुजल के दो मोबाइल फोन बरामद किए। अम्बिकापुर स्थित उसके ससुराल से रजनी का मोबाइल, आधार कार्ड, पैन कार्ड, चेक, ड्राइविंग लाइसेंस, वोटर आईडी, एटीएम कार्ड तथा सोने-चांदी के आभूषण जब्त किए गए। आरोपी की निशानदेही पर ग्रैंड विटारा कार, स्टील की पानी की बोतल, सीमेंट के खंभे का टुकड़ा और जंगल से सुजल की एक चप्पल भी बरामद की गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कार की सफाई कराई थी और खून लगे कार मैट को जला दिया था।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा के निर्देशन तथा सूरजपुर पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार पटेल की मॉनिटरिंग में मामले की जांच की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन और एसडीओपी अभिषेक पैंकरा के मार्गदर्शन में विश्रामपुर, जयनगर सहित विभिन्न थानों की पुलिस और अम्बिकापुर साइबर सेल की टीम ने कार्रवाई की।
पुलिस ने आरोपी प्रवेश कुमार उर्फ परवेश, निवासी मूलतः हरियाणा एवं वर्तमान निवासी विश्रामपुर, को गिरफ्तार कर लिया है।