बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के सत्यानगर अमेरी में सूने मकान का ताला तोड़कर नकदी, चांदी-कांसे के बर्तन, कंप्यूटर और AC चोरी करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत चोरी का माल खरीदने वाले 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गया सामान भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार सत्यानगर अमेरी निवासी अक्षय कुमार टाण्डे अपने परिवार के साथ तिफरा स्थित मकान में रहते हैं और अमेरी स्थित पुराने मकान में आते-जाते हैं। 29 अगस्त 2026 की रात वह अमेरी स्थित मकान में ताला लगाकर तिफरा चले गए थे। 16 सितंबर को वापस लौटने पर मकान का ताला टूटा मिला। जांच करने पर पता चला कि चोर छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल हुए थे और कमरों व अलमारी का ताला तोड़कर ₹12,000 नकद, चांदी के चम्मच, कटोरी, गिलास, प्लेट, कांसे के बर्तन, कंप्यूटर सेट और 1.5 टन का वोल्टास AC चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब ₹42,000 बताई गई।

शिकायत पर सकरी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने संदेहियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर सत्यानगर अमेरी निवासी अविनाश खांडे (24) को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया और चोरी का सामान अन्य लोगों को बेचने की जानकारी दी।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी का सामान खरीदने वाले सौरभ बंजारे (26), दीपेश गुप्ता (35) और रितेशधर शर्मा को भी गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है। चारों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है।

कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक उमेश साहू, प्रधान आरक्षक रवि लहरे, आरक्षक मनोज बघेल, रुपेश कौशिक, सुनील सूर्यवंशी और पवन बंजारे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।