20 लाख की कीमत बताकर 12 लाख में सौदा तय किया, 6 लाख लेने के बाद पुलिस चेकिंग का झांसा देकर भागे आरोपी

बिलासपुर। सस्ते में सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा दिलाने का झांसा देकर मुंगेली के एक किसान से 6 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने कथित तौर पर 20 लाख रुपए कीमत के गहनों से भरा घड़ा दिखाया और सौदा 12 लाख रुपए में तय किया। किसान से 6 लाख रुपए लेने के बाद पुलिस चेकिंग में गहने जब्त होने की कहानी बताकर आरोपी रास्ते में कार छोड़कर फरार हो गए। मामला कोटा थाना क्षेत्र का है। बेलगहना पुलिस ने धारा 318(2), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्राम गाड़ाघाट निवासी किसान विष्णु बघेल के अनुसार 25 अगस्त को तखतपुर बकरी बाजार के पास उसकी मुलाकात परिचित पालन भास्कर से हुई थी। पालन ने उसे बताया कि उसके एक परिचित को सोने-चांदी के गहनों से भरा घड़ा मिला है। इसके बाद 30 अगस्त को विष्णु अपने भांजे धनेश पात्रे के साथ पालन भास्कर और संजय पनिक के साथ कुरदर के पास एक व्यक्ति के घर पहुंचा। वहां कथित तौर पर उसे गहनों से भरा घड़ा दिखाया गया। इसकी कीमत 20 लाख रुपए बताई गई और बातचीत के बाद सौदा 12 लाख रुपए में तय हुआ।

31 अगस्त की रात विष्णु और धनेश कार से कुरदर पहुंचे। वहां पालन भास्कर, पसउ बैगा और संजय पनिक मिले। विष्णु के मुताबिक रात करीब 11 बजे यादव के घर में उसने पालन को 6 लाख रुपए दिए। इसके बाद पूजा-पाठ करने और गहने बांटने की बात कही गई। कुछ देर बाद पालन, संजय और पसउ बैगा बोरी में गहने लेकर कार तक पहुंचे, जबकि एक अन्य व्यक्ति बाइक से आगे चलने लगा।

पीड़ित के अनुसार सेमरिया के पास दो पुलिसकर्मियों ने कार को रोककर जांच की। इनमें से एक वर्दीधारी व्यक्ति के कंधे पर तीन स्टार थे। मोबाइल से फोटो लेने के बाद पुलिसकर्मियों ने उन्हें जाने दिया। इसके बाद आगे पालन ने तबीयत खराब होने की बात कही। सेमरिया से करीब 3 किलोमीटर आगे आरोपियों ने कार छोड़ दी और विष्णु को बताया कि पुलिस ने तलाशी के दौरान गहने जब्त कर लिए हैं।

इसके बाद आरोपी बाइक से वहां से चले गए और अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। विष्णु के अनुसार 6 सितंबर को उसे चेकिंग में शामिल एक व्यक्ति मुंगेली कलेक्टर कार्यालय के पास मिला। परिचितों से पूछताछ करने पर उसका नाम लोकेश राजपूत बताया गया।

पीड़ित ने पालन भास्कर, संजय पनिक, पसउ बैगा, बलराम यादव, लोकेश राजपूत समेत अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस पूरे मामले में आरोपियों की भूमिका और कथित गहनों के संबंध में जांच कर रही है।