2 अक्टूबर को नई दिल्ली में नेशनल यूथ पार्लियामेंट में होंगी शामिल, महाविद्यालय में सम्मान समारोह
बिलासपुर। बिलासपुर की बेटी प्रशंसा पांडे अब संसद भवन, नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करेंगी। 2 अक्टूबर, महात्मा गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रवाना होने से पहले शासकीय बिलासा कन्या स्नातकोत्तर महाविद्यालय में उनका सम्मान किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य कमलेश सर सहित प्राध्यापकों ने प्रशंसा का अभिनंदन कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रशंसा पांडे का चयन नेशनल यूथ पार्लियामेंट के तहत छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए हुआ है। वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट की प्रदेश विजेता रह चुकी हैं। इसके अलावा विकसित भारत लीडर्स डायलॉग में भी उन्होंने राज्य स्तर पर उपलब्धि हासिल की है। पिछले 2 वर्षों से वे नेशनल यूथ पार्लियामेंट के माध्यम से विधानसभा स्तर पर युवाओं का प्रतिनिधित्व कर रही हैं।
युवा नेतृत्व के क्षेत्र में सक्रिय प्रशंसा पांडे को युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से Youth Icon की उपाधि भी प्राप्त है। उन्होंने Youth Icon के रूप में नशामुक्त भारत अभियान सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न राष्ट्रीय कार्यक्रमों में सहभागिता की है। प्रधानमंत्री के साथ आयोजित ‘खेल की बात’ और युवा संवाद जैसे कार्यक्रमों में भी वे शामिल हो चुकी हैं।
संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के लिए चयनित होने पर महाविद्यालय में उनके सम्मान के दौरान प्राचार्य कमलेश सर, प्रोफेसर मंजू माधुरी बाजपेयी, चौधरी सर, सिन्हा मैडम, सीमा मिश्रा, डॉ. पूजा शर्मा सहित अन्य प्राध्यापकों ने प्रशंसा का उत्साह बढ़ाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
बिलासपुर की बेटी का संसद भवन में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व करना शहर और महाविद्यालय के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। प्रशंसा की यह यात्रा युवाओं की राष्ट्रीय स्तर पर सहभागिता और नेतृत्व के अवसरों को भी सामने लाती है।