रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने बुधवार को सभी 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारी और सहप्रभारियों की नियुक्ति कर दी। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को हरियाणा के साथ छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है। वहीं सिद्धार्थ शंभू को छत्तीसगढ़ का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है। इससे पहले नितिन नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।

स्मृति ईरानी को केंद्र सरकार और भाजपा संगठन में लंबे समय तक काम करने का अनुभव रहा है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, उनके प्रशासनिक और संगठनात्मक अनुभव का लाभ छत्तीसगढ़ में सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय बनाने में मिलेगा। केंद्रीय मंत्री और स्टार प्रचारक के रूप में वे पहले भी छत्तीसगढ़ के कई दौरे कर चुकी हैं और यहां के कार्यकर्ताओं तथा पार्टी नेतृत्व के संपर्क में रही हैं।

भाजपा नेताओं का कहना है कि स्मृति ईरानी की नियुक्ति ऐसे समय हुई है, जब राज्य में अगले विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए करीब दो साल का समय है। ऐसे में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ सरकार और संगठन के बीच तालमेल पर भी उनका फोकस रहने की संभावना है।

उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि स्मृति ईरानी पिछले चुनावों में स्टार प्रचारक के रूप में छत्तीसगढ़ आती रही हैं और कई कार्यकर्ताओं से उनका सीधा संपर्क है। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि उनके आने से महिला सशक्तिकरण से जुड़े मुद्दों को मजबूती मिलेगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नंदन जैन ने उनके संगठनात्मक अनुभव का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी नियुक्ति से बूथ स्तर तक संगठन को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि स्मृति ईरानी के राष्ट्रीय स्तर के अनुभव और संगठन में लंबे कार्य से छत्तीसगढ़ में संगठन तथा जनसेवा के संकल्प को मजबूती मिलेगी।

सिद्धार्थ शंभू को सह प्रभारी की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ के सह प्रभारी बनाए गए सिद्धार्थ शंभू मूल रूप से बिहार के मोतिहारी के रहने वाले हैं। वे बिहार भाजपा में प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं और तीन बार प्रदेश उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। अगस्त 2026 में उन्हें भाजपा का राष्ट्रीय सचिव बनाया गया था।

छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को दूसरे राज्यों की जिम्मेदारी

भाजपा ने छत्तीसगढ़ के दो नेताओं को भी दूसरे राज्यों में संगठनात्मक जिम्मेदारी दी है। पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात का सह प्रभारी बनाया गया है, जबकि छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह को झारखंड का सह प्रभारी नियुक्त किया गया है।

भाजपा की नई टीम में पांच नेताओं को दो-दो राज्यों की जिम्मेदारी दी गई है। स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़, राम माधव को तमिलनाडु और उत्तराखंड, हरीश द्विवेदी को बिहार और कर्नाटक, सतीश पूनिया को पंजाब और जम्मू-कश्मीर तथा सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी मिली है। नई टीम में 19 महिला नेताओं को प्रभारी या सह प्रभारी बनाया गया है।