थाने के भीतर हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर फैला, पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में किया पेश
बिलासपुर। सकरी थाने में पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में मारपीट और गाली-गलौज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है। विवाद के बाद रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे पीड़ित परिवार के सामने आरोपी पक्ष के लोगों ने थाने के भीतर हंगामा किया। पुलिसकर्मियों को उन्हें रोकने और बाहर निकालने की कोशिश करते देखा जा सकता है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया है।
घटना शुक्रवार रात की बताई जा रही है। सकरी के पुराना बाजार निवासी राकेश भार्गव (33) अपने परिवार के साथ जा रहे थे। इसी दौरान शराब के नशे में राजेश देवांगन और महेश ध्रुव उर्फ करिया ने उनसे विवाद करते हुए मारपीट की। घटना की शिकायत करने राकेश अपने परिवार के साथ सकरी थाने पहुंचे। इसी दौरान आरोपी पक्ष के लोग भी परिवार सहित थाने पहुंच गए। वहां दोनों पक्षों के बीच सुलह कराने का प्रयास किया गया, जिसके बाद पीड़ित पक्ष बिना रिपोर्ट दर्ज कराए लौट गया।
थाने के भीतर हंगामे के दो वीडियो वायरल
घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में थाने के बाहर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। मोबाइल से वीडियो बना रहा एक युवक आरोप लगा रहा है कि थाने के भीतर घुसकर मारपीट और गाली-गलौज की जा रही है। वह अपने परिवार के थाने में मौजूद होने का हवाला देते हुए आरोपियों के व्यवहार पर नाराजगी जताता है।
दूसरे वीडियो में पुलिसकर्मी हंगामा कर रहे लोगों को रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान आरोपी पक्ष के लोग थाने के भीतर विवाद करते दिखाई देते हैं। पुलिसकर्मी उन्हें धक्का देकर लोहे के गेट से बाहर निकालने का प्रयास करते हैं। वीडियो वायरल होने के बाद थाने के भीतर हुए हंगामे और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
दूसरे दिन थाने में फिर हुआ विवाद, दोनों गिरफ्तार
शनिवार को पुलिस ने शांतिनगर, सकरी निवासी राजेश देवांगन (36) और महेश ध्रुव (31) को थाने बुलाया। आरोप है कि वहां प्रार्थी को देखकर दोनों फिर आक्रोशित हो गए और थाना परिसर में हंगामा करने लगे। इसके बाद पुलिस ने दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया।