बिलासपुर। दुर्गा पंडाल के पास मारपीट और गाली-गलौज के मामले में रिपोर्ट दर्ज कराने पहुंचे पक्ष के सामने थाने में हंगामा करने वाले 2 आरोपियों के खिलाफ सकरी पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की और उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 16 अक्टूबर की रात राकेश भार्गव (33), निवासी पुराना बाजार सकरी, अपने परिवार के साथ दुर्गा पंडाल देखने गए थे। इस दौरान किसी बात को लेकर उनका राजेश देवांगन (36) और महेश ध्रुव उर्फ करिया (31), दोनों निवासी शांतिनगर सकरी, से विवाद हो गया। आरोप है कि शराब के नशे में दोनों ने राकेश के साथ मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

घटना के बाद राकेश पक्ष रिपोर्ट दर्ज कराने थाने पहुंचा। पुलिस कार्रवाई की तैयारी कर रही थी, तभी दोनों आरोपी अपने परिवार के साथ थाने पहुंच गए। पुलिस द्वारा उन्हें थाने में बैठाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच सुलह हो गई और शिकायतकर्ता पक्ष रिपोर्ट दर्ज नहीं कराने की बात कहकर जाने लगा। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे एक-दूसरे को पकड़कर थाने से बाहर चले गए।

17 अक्टूबर को राकेश भार्गव ने मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उन्हें थाने बुलाया। पुलिस के मुताबिक, थाने में शिकायतकर्ता को देखकर दोनों आरोपी उत्तेजित हो गए और हंगामा करने लगे। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170, 126 और 135(3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया।

सकरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।