
बिलासपुर। मंगला क्षेत्र के अभिषेक विहार कॉलोनी के पास बुधवार रात स्कूटी सवार युवकों ने एक लाइब्रेरी संचालक के साथ मारपीट कर नकदी और सोने की बाली लूट ली। घटना के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ लूट और मारपीट का मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार अभिषेक विहार निवासी भूपेंद्र मिश्रा (30) मंगला क्षेत्र में लाइब्रेरी का संचालन करते हैं। बुधवार रात वे अपनी लाइब्रेरी बंद कर वाहन से घर लौट रहे थे। इसी दौरान अभिषेक विहार कॉलोनी के मुख्य गेट के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए स्कूटी सवार युवकों ने उनकी गाड़ी को कट मार दिया। हादसे से बचने के बाद भूपेंद्र ने युवकों को सावधानी बरतने की समझाइश दी, जिससे विवाद शुरू हो गया।
बताया गया कि स्कूटी सवार युवकों में शामिल अजय ध्रुव नामक युवक गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपी स्कूटी रोककर नीचे उतरे और कमर से बेल्ट निकालकर भूपेंद्र की पिटाई कर दी। आरोपियों ने घूंसों और बेल्ट से हमला करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
मारपीट के दौरान बदमाशों ने भूपेंद्र की जेब में रखे 12 हजार 400 रुपए नकद और कान में पहनी सोने की बाली लूट ली। घटना के बाद पीड़ित ने सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।