बिलासपुर। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज के पास काली स्कूटी सवार 3 बदमाशों ने कोरबा के एक युवक से मोबाइल और चांदी की चेन लूट ली। युवक पिकअप वाहन खड़ा कर पैदल खाना खाने जा रहा था। शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

बुधवारी बाजार, कोरबा निवासी देवव्रत शुक्ला (28) 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे पिकअप वाहन सीजी 31 बी 0750 से साबुन लेकर व्यापार विहार स्थित एक फर्म पहुंचे थे। माल खाली करने के बाद उन्हें 60 बोरी और 100 डब्बे अन्य सामान लोड करना था, लेकिन देर रात होने के कारण लोडिंग का काम रुक गया। इसके बाद उन्होंने व्यापार विहार में धर्मकांटा के पास पिकअप खड़ी कर दी।

रात करीब 12 बजे पिकअप में एक युवक को छोड़कर देवव्रत पैदल खाना खाने जा रहे थे। महाराणा प्रताप चौक ओवरब्रिज के पास पहुंचते ही काली स्कूटी पर सवार 3 युवक उनके पास पहुंचे और मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद गले में पहनी चांदी की चेन भी झपट ली और फरार हो गए।

अंधेरा होने के कारण देवव्रत आरोपियों के चेहरे नहीं देख सके। शिकायत के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच शुरू कर दी है।