रेलवे परिक्षेत्र के लिटिल बनी स्कूल के बाहर हादसा, दयालबंद की पार्षद के परिवार के 3 बच्चे कार में थे सवार, समय रहते बाहर निकाले गए
बिलासपुर। रेलवे परिक्षेत्र स्थित लिटिल बनी स्कूल के बाहर सोमवार सुबह बच्चों को लेने पहुंची क्रेटा कार में अचानक आग लग गई। कार में दयालबंद की पार्षद सुनीता नामदेव गोयल के परिवार के 3 बच्चे बैठे थे। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते तीनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके कुछ ही देर बाद कार के केबिन में आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। करीब 20 मिनट में कार जलकर खाक हो गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 11 बजे स्कूल की छुट्टी होने पर पार्षद के भतीजे ने तीनों बच्चों को कार में बैठाया और गाड़ी स्टार्ट की। इसी दौरान कार के अंदर धुआं भरने लगा और प्लास्टिक जलने जैसी गंध आने लगी। स्थिति को भांपते हुए चालक ने तत्काल बच्चों को बाहर निकाल लिया। इसके बाद जब उसने दोबारा कार का दरवाजा खोला, तो केबिन में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही देर में पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तोरवा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दमकल विभाग से मदद मांगी, लेकिन दमकल के पहुंचने से पहले ही आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। करीब 20 मिनट में कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। स्कूल के बाहर अचानक हुई इस घटना से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।
2020 में खरीदी थी कार, 2 दिन पहले रायपुर से लौटे थे
कार पार्षद पति जुगल गोयल की बताई गई है। उन्होंने बताया कि कार वर्ष 2020 में खरीदी गई थी। 2 दिन पहले ही वे इसी कार से रायपुर गए थे और देर रात बिलासपुर लौटे थे। यात्रा के दौरान कार में किसी बड़ी खराबी का अहसास नहीं हुआ था। ऐसे में स्कूल के बाहर अचानक आग लगने की घटना ने सभी को हैरान कर दिया।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, तेजी से फैली आग
कार स्टार्ट करते ही धुआं उठने और कुछ ही देर में आग की लपटें दिखाई देने से शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। वाहनों में बैटरी से विद्युत आपूर्ति होती है। वायरिंग में खराबी या शॉर्ट सर्किट होने पर आग तेजी से फैल सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
2 साल में कारों में आग लगने की 14 घटनाएं
शहर में पिछले 2 वर्षों के दौरान चलती और खड़ी कारों में आग लगने की करीब 14 घटनाएं सामने आ चुकी हैं। साल की शुरुआत में अग्रसेन चौक पर एक कार जलकर खाक हो गई थी। वहीं, महाराणा प्रताप चौक से रिंग रोड-2 के बीच चलती टाटा सफारी के इंजन से धुआं उठने के बाद आग लग गई थी। चालक ने लोगों की मदद से आग बुझाई थी। इसके अलावा सिरगिट्टी, चकरभाठा और सकरी बाईपास के आसपास भी कारों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। इनमें वायरिंग में शॉर्ट सर्किट और एसी कंप्रेसर के ओवरहीट होने को संभावित कारण बताया गया था।