हीरो शोरूम के पास से कार में खींचकर ले गए पुराने सहपाठी, कोनी घाट के नीचे लात-घूंसों से की पिटाई; सरकंडा थाने में 3 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज


बिलासपुर। स्कूल के दिनों की पुरानी रंजिश में मेडिकल कॉलेज के एक छात्र का अपहरण कर मारपीट करने का मामला सामने आया है। जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर के छात्र अरिहंत दीक्षित को उसके पुराने सहपाठियों ने हीरो शोरूम के पास से जबरन कार में बैठा लिया। इसके बाद उसे कोनी घाट के नीचे ले जाकर बेरहमी से पीटा। आरोपियों ने कड़े से उसके सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित की शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने 3 नामजद आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।


अरविंद मार्ग, सीपत रोड निवासी अरिहंत दीक्षित जगदलपुर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र है। वह इन दिनों बिलासपुर स्थित अपने घर आया हुआ था। अरिहंत और आरोपी पहले डीएवी स्कूल में साथ पढ़ते थे। इसी दौरान उनके बीच विवाद हुआ था। आरोपियों को इस बात की खुन्नस थी कि स्कूल में अरिहंत ने उनकी टोपी खींचने की शिकायत शिक्षकों से कर दी थी, जिसके बाद शिक्षकों ने उन्हें डांटा था।


इसी पुरानी रंजिश को लेकर कृतिक मिश्रा ने स्नैपचैट के जरिए अरिहंत को कॉल कर मिलने के लिए बुलाया। अरिहंत जब हीरो शोरूम के पास पहुंचा तो वहां कृतिक मिश्रा के साथ सिद्धी विनायक और आदित्य सरकार भी मौजूद थे। तीनों ने उसे जबरन खींचकर आई-20 कार में बैठा लिया और दरवाजे लॉक कर दिए।


इसके बाद आरोपी उसे कोनी घाट के नीचे ले गए, जहां लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। इस दौरान कड़े से सिर पर वार कर उसे घायल कर दिया। घटना के बाद पीड़ित ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।