
बिलासपुर। कोटा क्षेत्र स्थित एलबीटी इंटरनेशनल हायर सेकंडरी स्कूल के नाम से अज्ञात व्यक्ति द्वारा कथित रूप से फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाने का मामला सामने आया है। इस अकाउंट से अभद्र भाषा, गाली-गलौज और अश्लील टिप्पणियां पोस्ट किए जाने का आरोप है। स्कूल की छवि और शिक्षकों की प्रतिष्ठा प्रभावित होने की शिकायत पर प्रिंसिपल ने कोटा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
शिकायत के अनुसार, फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट का स्कूल प्रबंधन या संस्थान से कोई संबंध नहीं है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा स्कूल के नाम और पहचान का कथित रूप से दुरुपयोग कर सोशल मीडिया पर लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियां की जा रही हैं। साथ ही शिक्षकों को भी बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
स्कूल प्रबंधन का कहना है कि सोशल मीडिया अकाउंट पर स्कूल का नाम जुड़ा होने के कारण विद्यार्थियों और अभिभावकों के बीच भ्रम की स्थिति पैदा हो रही है। इससे संस्थान की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
प्रिंसिपल की शिकायत के आधार पर कोटा पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित करने वाले व्यक्ति की पहचान के लिए तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट से संबंधित डिजिटल साक्ष्यों और अन्य तकनीकी जानकारियों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।