
बिलासपुर में पिछले दो-तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और अरपा नदी के तेज बहाव को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर शनिवार को सभी स्कूल बंद रखने का ऐलान किया गया था। इसके बावजूद दयालबंद क्षेत्र के मधुबन के पास शनिवार को अरपा नदी में नहाने पहुंचे चार बच्चों में से 2 बच्चे तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। दोनों की तलाश में पुलिस और एसडीआरएफ की टीम युद्ध स्तर पर जुटी हुई है। बताया जा रहा है कि गणेश विसर्जन के दौरान नदी से नारियल निकालने के लिए ये नदी में उतरे थे।
जानकारी के अनुसार अटल आवास दयालबंद निवासी 13 वर्षीय मोहम्मद अयान अंसारी और 16 वर्षीय मोहम्मद इमरोज अपने दो अन्य साथियों के साथ अरपा नदी में नारियल लूटने गए थे। इसी दौरान नदी का तेज बहाव उन्हें अपने साथ बहा ले गया। उनके साथ नहा रहे दोनों अन्य बच्चे किसी तरह नदी से बाहर निकल आए और घटना की जानकारी मोहल्ले के लोगों को दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से दोनों लापता बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई। नदी में पानी का बहाव तेज होने के कारण आशंका है कि दोनों बच्चे बहकर आगे की ओर चले गए होंगे। लगातार बारिश और जलस्तर बढ़ने के कारण देवरीखुर्द चेकडैम के गेट भी खोल दिए गए हैं, जिससे बच्चों के और आगे बह जाने की आशंका बनी हुई है।
फिलहाल पुलिस, एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम बच्चों की तलाश में जुटी हुई है। घटना के बाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बारिश के दौरान नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें। तेज बहाव वाली नदी में नहाने या जाने की कोशिश जानलेवा साबित हो सकती है।