बिलासपुर। थाना सीपत क्षेत्र में हुई चोरी की घटना के खुलासे और चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में एक सजग सराफा व्यापारी की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई है। रतनपुर के बड़ीबाजार स्थित साईं ज्वेलर्स के संचालक संतोष सोनी की सतर्कता के चलते पुलिस को चोरी के मामले में अहम सुराग मिला और चोरी गए सामान की बरामदगी में सफलता मिली।
जानकारी के अनुसार चोरी की घटना से संबंधित एक संदिग्ध व्यक्ति जब गहने बेचने के लिए साईं ज्वेलर्स पहुंचा, तो दुकान संचालक संतोष सोनी को उस पर संदेह हुआ। उन्होंने बिना देर किए पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए संदिग्ध व्यक्ति से संबंधित जानकारी जुटाई, जिससे सीपत क्षेत्र में हुई चोरी की घटना से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे।
व्यापारी की सजगता और पुलिस के साथ तत्काल सहयोग के परिणामस्वरूप चोरी गए माल-मशरूका की बरामदगी में पुलिस को सफलता मिली। पुलिस ने संतोष सोनी की भूमिका को जिम्मेदार व्यापारी और जागरूक नागरिक के रूप में सराहा है।
बिलासपुर पुलिस का कहना है कि अपराधों की रोकथाम और अपराधियों तक पहुंचने में आम नागरिकों की सजगता महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पुलिस ने सराफा कारोबारियों सहित सभी व्यापारियों और नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाना अथवा पुलिस को दें।
पुलिस के अनुसार समय पर दी गई सूचना न केवल किसी अपराध को रोकने में मददगार हो सकती है, बल्कि अपराधियों तक पहुंचने और चोरी गए सामान की बरामदगी में भी महत्वपूर्ण साबित होती है।
बिलासपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और पुलिस के साथ सहयोग करें। पुलिस का संदेश है— “आपकी सुरक्षा, हमारी प्राथमिकता।”