बिलासपुर। सिरगिट्टी में रविवार देर शाम पुरानी रंजिश को लेकर एक ही मोहल्ले में रहने वाले दो गुट आपस में भिड़ गए। मैट्रिक्स चौक के पास दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। इसी दौरान एक युवक पर धारदार चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद सिरगिट्टी पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। देर रात तक पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ लिया था, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी थी।
बताया जा रहा है कि सिरगिट्टी निवासी ओम दिवाकर और सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर का घर मैट्रिक्स चौक के पास है। दोनों के बीच लंबे समय से रंजिश चली आ रही थी। रविवार देर शाम ओम दिवाकर अपने साथियों के साथ घर के पास खड़ा था। इसी दौरान सुनील उर्फ कल्लू टाइगर भी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया। दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हुई और देखते ही देखते उनके साथ आए लोग आपस में भिड़ गए।
मारपीट के दौरान एक युवक ने धारदार चाकू से ओम दिवाकर पर हमला कर दिया। चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। खून से लथपथ ओम की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई।
फोरेंसिक जांच के बाद भेजा जाएगा शव
रात होने के कारण पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित रखा। अंधेरे में फोरेंसिक जांच करने से साक्ष्यों के प्रभावित होने की आशंका के चलते जांच सोमवार सुबह कराई जाएगी। फोरेंसिक टीम के घटनास्थल पर पहुंचकर जांच करने के बाद ओम दिवाकर के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिम्स भेजा जाएगा।
मृतक और आरोपी दोनों आदतन बदमाश
पुलिस के अनुसार मृतक ओम दिवाकर और आरोपी सुनील निर्मलकर उर्फ कल्लू टाइगर दोनों सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के आदतन बदमाश बताए जा रहे हैं। दोनों के खिलाफ मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई मामले दर्ज हैं और दोनों पूर्व में कई बार जेल भी जा चुके हैं।