मस्तूरी से आए युवकों पर शराब के नशे में गाली-गलौज और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का आरोप, कोतवाली में शिकायत

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) के ट्रायेज में मंगलवार देर रात दो युवकों ने जमकर हंगामा किया। आरोप है कि शराब के नशे में पहुंचे युवकों ने ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राहुल साव के साथ गाली-गलौज और मारपीट की। इस दौरान ड्रेसिंग वार्ड के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया गया। घटना के बाद चिकित्सक ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, सिम्स में सीएमओ के पद पर कार्यरत डॉ. राहुल साव मंगलवार रात ड्यूटी पर थे। इसी दौरान मस्तूरी क्षेत्र के ग्राम अनहोनी निवासी राजा विश्वकर्मा (22), पिता राकेश विश्वकर्मा, को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। उसके साथ बिशुप्रताप (26) और रंजीत जांगड़े, पिता स्व. रोहित जांगड़े, निवासी मस्तूरी भी पहुंचे थे।

विरोध करने पर डॉक्टर से मारपीट का आरोप

शिकायत के मुताबिक, अस्पताल परिसर में पहुंचने के बाद युवकों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने इसका विरोध किया तो उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की गई। इस दौरान ड्रेसिंग वार्ड के दरवाजे का कांच भी तोड़ दिया गया, जिससे अस्पताल की सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद अस्पताल में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

अस्पताल प्रबंधन ने की कार्रवाई की मांग

घटना को लेकर डॉ. राहुल साव ने सिटी कोतवाली थाने में लिखित आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने बताया कि मंगलवार रात ट्रायेज में हंगामा और तोड़फोड़ की घटना हुई है। इसकी शिकायत कोतवाली थाने में की गई है। अब पुलिस शिकायत के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई करेगी।