
मरीजों के लिए खरीदे जाएंगे 200 नए बेड, निर्बाध बिजली आपूर्ति के लिए लगेंगे तीन जनरेटर
स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में स्वशासी समिति की बैठक सम्पन्न
बिलासपुर, 09 अक्टूबर 2026/छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर में मरीजों की सुविधाओं और चिकित्सा शिक्षा की अधोसंरचना को बेहतर बनाने के लिए महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल की अध्यक्षता में आज सिम्स के नवीन काउंसिल कक्ष में आयोजित स्वशासी समिति की सामान्य सभा की बैठक में प्राथमिकता के आधार पर पांच करोड़ रुपये तक के निर्माण एवं नवीनीकरण कार्यों का अनुमोदन किया गया। अस्पताल के विभिन्न वार्डों के लिए 200 नए सेमी फाउलर आयरन बेड तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 500 केवीए क्षमता के तीन डीजी सेट खरीदने की भी स्वीकृति दी गई।
बैठक में सिम्स चिकित्सालय के पेडिंग वार्ड के निर्माण एवं नवीनीकरण, बर्न वार्ड के उन्नयन, अस्पताल की रंगाई-पुताई तथा परिसर के भवनों में वर्षा जल संचयन की व्यवस्था विकसित करने संबंधी प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया। इन कार्यों से अस्पताल की व्यवस्थाओं और मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। चिकित्सा महाविद्यालय में रजत जयंती समारोह के आयोजन, रजत जयंती स्तंभ निर्माण तथा ऑडिटोरियम की रंगाई-पुताई एवं अन्य सिविल कार्यों को भी मंजूरी दी गई। इसके साथ ही सेंट्रल एसी एवं वीआरवी सिस्टम, एसीपी कार्य, महाविद्यालय भवन के तृतीय तल पर शेड निर्माण, स्किल लैब के तृतीय तल में डक्टिंग, मॉर्चुरी भवन के ऊपर अतिरिक्त कक्ष निर्माण तथा महाविद्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार के नवीनीकरण संबंधी प्रस्तावों का अनुमोदन किया गया।
बैठक की शुरुआत पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन के वाचन से हुई। स्वास्थ्य मंत्री श्री जायसवाल ने विभिन्न विषयों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे पूर्व सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने अध्यक्ष एवं सदस्यों का स्वागत किया। बैठक में विधायक श्री अमर अग्रवाल एवं श्री सुशांत शुक्ला, चिकित्सा शिक्षा विभाग के सचिव श्री अमित कटारिया, आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री रितेश कुमार अग्रवाल, आयुक्त स्वास्थ्य सेवाएं श्री संजीव झा तथा स्वशासी समिति के सदस्य उपस्थित थे। सिम्स एवं सुपरस्पेशिलिटी अस्पताल के अधीक्षक, चिकित्सक तथा संबंधित विभागों के अधिकारी भी बैठक में शामिल हुए।