कलेक्टर से की शिकायत, प्रबंधन ने गठित की जांच समिति; स्वास्थ्य मंत्री ने कहा- दोषी पाए जाने पर होगी कार्रवाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) का नेत्र रोग विभाग एक बार फिर विवादों में है। विभाग की एक पीजी छात्रा ने एचओडी डॉ. सुचिता सिंह और डॉ. प्रभा सोनवानी पर लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। छात्रा ने मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर संजय अग्रवाल से की है। कलेक्टर के निर्देश पर सिम्स प्रबंधन ने मामले की जांच के लिए समिति गठित की है। वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने भी स्पष्ट किया है कि जांच में दोषी पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि दोनों महिला डॉक्टर छोटी-छोटी बातों पर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित करती हैं। उसने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोप सही पाए जाने पर संबंधित डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
जांच के लिए गठित की गई समिति
मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर के निर्देश पर सिम्स प्रबंधन ने जांच समिति बनाई है। सिम्स के डीन डॉ. रमणेश मूर्ति ने बताया कि शिकायत की जांच के लिए टीम गठित की गई है। समिति में शामिल डॉ. संगीता जोगी जल्द ही अपनी रिपोर्ट सौंपेंगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।