मुक्के बरसाए, शर्ट फाड़ी; साथी कर्मचारी पर हमले से अस्पताल स्टाफ में आक्रोश, प्रबंधन से कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में बुधवार सुबह मरीज की मौत के बाद परिजनों ने ड्यूटी पर तैनात वार्ड ब्वाय के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि परिजनों ने वार्ड ब्वाय को मुक्कों और चप्पलों से पीटा तथा उसकी शर्ट फाड़ दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारी के साथ मारपीट की जानकारी मिलने पर अन्य स्टाफ भी आक्रोशित हो गया। कर्मचारियों ने अस्पताल प्रबंधन से शिकायत कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, करबला निवासी किशन लाल को परिजन इलाज के लिए सिम्स लेकर पहुंचे थे। मरीज को ट्रॉली पर रखकर एमएम-3 वार्ड की ओर ले जाया जा रहा था। बताया जा रहा है कि वार्ड में भर्ती करने से पहले डॉक्टर ने मरीज की जांच की। इसी दौरान मरीज की मौत हो गई।

ऑक्सीजन हटाने को लेकर विवाद

बताया जा रहा है कि मरीज की मौत के बाद डॉक्टर के कहने पर ड्यूटी पर तैनात वार्ड ब्वाय मुंदर लाल ने मरीज के मुंह में लगा ऑक्सीजन हटा दिया। इसी बात को लेकर परिजन भड़क गए। उन्होंने वार्ड ब्वाय पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि परिजनों ने उसे मुक्कों और चप्पलों से पीटा और उसकी शर्ट फाड़ दी।

घटना के बाद अस्पताल के कर्मचारियों में नाराजगी फैल गई। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन के सामने अपनी सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

सिम्स के अस्पताल अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी।