एड़ी में मोच के कारण नहीं पहुंचे डिप्टी सीएम अरुण साव, दो नए सभागृहों में 900 लोगों के बैठने की सुविधा

बिलासपुर। शहर के 125 साल पुराने श्रीराम मंदिर परिसर में 1.22 करोड़ रुपए की लागत से बने दो सभागृहों, कर्मचारी आवास और अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण विधायक अमर अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने वाले थे, लेकिन एड़ी में मोच आने के कारण वे नहीं पहुंच सके। इसके बाद कार्यक्रम की अध्यक्षता करने वाले अमर अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया।

मंदिर परिसर में हुए निर्माण कार्यों पर करीब 1 करोड़ 22 लाख रुपए खर्च किए गए हैं। इनमें 82 लाख रुपए उप मुख्यमंत्री अरुण साव की स्वीकृति से मिले, जबकि करीब 40 लाख रुपए जनसहयोग और दान के माध्यम से जुटाए गए। इन कार्यों से मंदिर में धार्मिक और सामाजिक आयोजनों के लिए सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

दो सभागृहों में 900 लोगों के बैठने की व्यवस्था

मंदिर परिसर के पिछले हिस्से में नदी की ओर करीब 3 हजार वर्गफीट क्षेत्र में श्री रघुनाथ सभागृह बनाया गया है। इसमें लगभग 800 लोगों के बैठने की व्यवस्था है। यहां धार्मिक आयोजन, प्रवचन, भजन और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे। वहीं, जनसहयोग से करीब 40 लाख रुपए की लागत से दो मंजिला भवन बनाया गया है। इसके निचले हिस्से में श्री रघुनंदन सभागृह है, जहां लगभग 100 लोग बैठ सकते हैं। भवन की ऊपरी मंजिल पर मंदिर कर्मचारियों के लिए आवास बनाए गए हैं। दोनों सभागृहों में मिलाकर करीब 900 लोगों के बैठने की सुविधा उपलब्ध हो गई है।

लोरमी में स्कूटी चलाते समय लगी थी चोट

उप मुख्यमंत्री अरुण साव को शुक्रवार को लोरमी में स्कूटी चलाते समय पैर फिसलने से दाहिनी एड़ी में चोट लगी थी। सिम्स में जांच और एक्सरे के बाद एड़ी में मोच की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने उन्हें एक सप्ताह आराम करने की सलाह दी है। इसके बाद साव ने अपने सभी निर्धारित कार्यक्रम निरस्त कर दिए।

मंदिर समाज को जोड़ने और संस्कार बढ़ाने के केंद्र : अमर

विधायक अमर अग्रवाल ने कहा कि मंदिर केवल आस्था के केंद्र नहीं हैं, बल्कि समाज को जोड़ने और संस्कारों को आगे बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। श्रीराम मंदिर बिलासपुर की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी और धार्मिक व सामाजिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। उन्होंने निर्माण कार्यों में सहयोग देने वाले दानदाताओं और मंदिर समिति के प्रयासों की सराहना की।

कार्यक्रम में महापौर पूजा विधानी, जोन अध्यक्ष मधुबाला टंडन, पार्षद अंजना कश्यप और बबलू कश्यप, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, श्रीराम मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रमोद काले, सचिव संजीव बाटवे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।