
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम धूमा में 25 वर्षीय नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने उसके पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज किया है। मर्ग जांच और परिजनों के बयानों के आधार पर पुलिस को पति द्वारा शराब के नशे में आए दिन पत्नी से गाली-गलौज और मारपीट करने की जानकारी मिली।
घटना 11 जनवरी की सुबह करीब 10 बजे की है। मृतिका के देवर संदीप पटेल काम पर जाने के लिए टिफिन लेने घर पहुंचे थे। इसी दौरान उनकी मां पुनिया बाई ने बताया कि रामकुमारी ने कमरे में सीलिंग पंखे पर गमछे का फंदा लगाकर फांसी लगा ली है। कमरे में जाकर देखने पर रामकुमारी की मौत हो चुकी थी।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा कार्रवाई कर शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतिका की मां, भाई और जीजा सहित ससुराल पक्ष के सास, ससुर और देवर के बयान दर्ज किए।
जांच में सामने आया कि रामकुमारी का पति शिवकुमार पटेल शराब का आदी था। वह शराब के नशे में आए दिन पत्नी के साथ गाली-गलौज और मारपीट करता था। पुलिस ने जांच में मिले साक्ष्यों और परिजनों के बयानों के आधार पर शिवकुमार पटेल के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।