बिलासपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा 144 लागू होने के बावजूद मारपीट और गुंडागर्दी का मामला सामने आया है। दयालबंद के मधुबन शराब भट्ठी के पास शराब पीने के लिए रुपये देने से इनकार करने पर कुछ युवकों ने एक कारोबारी के बेटे पर हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। हमले में उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही लहूलुहान होकर बेहोश हो गया। गंभीर स्थिति में उसे सिम्स से अपोलो अस्पताल रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार दयालबंद पंजाबी कॉलोनी निवासी राजेश टुटेजा पुराना बस स्टैंड स्थित सिटी सेंटर में फास्ट फूड का कारोबार करते हैं। रविवार शाम करीब 7:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके बेटे मोहनीश टुटेजा को मधुबन शराब भट्ठी के पास अंकित रजक और उसके साथियों ने घेर लिया है।
बताया जा रहा है कि आरोपियों ने मोहनीश से शराब पीने के लिए रुपये मांगे। उसने रुपये देने से मना किया तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और देखते ही देखते उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, जिससे उसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। हमले के बाद मोहनीश मौके पर ही अचेत हो गया।
डायल 112 ने पहुंचाया सिम्स
घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 को दी। पुलिस की टीम ने घायल मोहनीश को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया। सूचना मिलने पर उसके पिता भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन उस समय मोहनीश बेसुध था और बातचीत करने की स्थिति में नहीं था। उसकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उसका उपचार जारी है।
पिता की शिकायत पर अपराध दर्ज, आरोपियों की तलाश
घटना के संबंध में राजेश टुटेजा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी अंकित रजक और उसके साथियों की तलाश में जुटी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर भी घटना की जांच कर रही है।
धारा 144 लागू होने के बावजूद शराब भट्ठी के आसपास इस तरह खुलेआम मारपीट और रंगदारी की घटना ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों में घटना को लेकर नाराजगी है और उन्होंने ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।