
बिलासपुर। जरहाभाठा मिनी बस्ती में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर दो युवकों द्वारा एक मजदूर का रास्ता रोककर गाली-गलौज और मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोपियों में से एक ने मजदूर के हाथ पर ब्लेड से वार कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिनी बस्ती निवासी सिद्धार्थ यादव रविवार शाम मजदूरी करने के बाद कुम्हारपारा से पैदल अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान सालिक कबाड़ी दुकान के पास मन्कू और उसके एक अज्ञात साथी ने उसका रास्ता रोक लिया। दोनों ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे।
सिद्धार्थ ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए धक्का-मुक्की शुरू कर दी। विवाद बढ़ने पर शोर सुनकर सिद्धार्थ की बहन प्रिया यादव मौके पर पहुंची और बीच-बचाव करने लगी। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने प्रिया को ब्लेड दिखाकर धमकाया।
इसी बीच आरोपी मन्कू ने सिद्धार्थ के बाएं हाथ पर धारदार ब्लेड से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने आरोपी मन्कू और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही आरोपी की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।