बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर युवक से गाली-गलौज और मारपीट करने वाले आरोपी को तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से धारदार चाकू भी बरामद किया गया है। वहीं, नवरात्रि के दौरान शांति भंग करने के मामले में एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार, डीपूपारा निवासी मोहन साहू उर्फ राहुल (22) 11 अक्टूबर की रात राजू किराना दुकान में सामान लेने गया था। इसी दौरान तारबाहर मस्जिद के पीछे रहने वाले भूपेश सिंह लोनिया उर्फ राजा (20) ने उससे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

विवेचना के दौरान तारबाहर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी भूपेश सिंह लोनिया को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 1 धारदार चाकू जब्त किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। इसके अलावा नवरात्रि के दौरान शांति भंग करने के मामले में तारबाहर निवासी राजकुमार घृतलहरे के खिलाफ धारा 170 बीएनएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए उसे सिटी मजिस्ट्रेट के न्यायालय में पेश किया गया।