सीपत पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा

बिलासपुर। दशहरा मेला देखने गए युवक से शराब पीने के लिए पैसे मांगने और इनकार करने पर बेल्ट से मारपीट करने के आरोप में सीपत पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर राजकुमार केंवट (33) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने युवक के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। बीच-बचाव करने आए एक अन्य व्यक्ति के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस के अनुसार, हरदीकला टोना, थाना सिरगिट्टी निवासी अनुराग ध्रुव (19) ग्राम कौड़िया में रमेश मरावी के घर रहकर मजदूरी करता है। 20 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे वह रमेश मरावी के साथ दशहरा मेला देखने गया था। दोनों रवि तिवारी की किराना दुकान के पास रुके थे, तभी कौड़िया निवासी राजकुमार केंवट वहां पहुंचा और शराब पीने के लिए जबरन पैसे मांगने लगा।

अनुराग ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपी ने मां-बहन की अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और बेल्ट से उसकी पिटाई शुरू कर दी। रमेश मरावी बीच-बचाव करने पहुंचा तो आरोपी ने उसके साथ भी हाथ-मुक्कों से मारपीट की।

घटना की शिकायत पर सीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी हिस्ट्रीशीटर और गुण्डा बदमाश है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।