बिलासपुर। शराब पीने के लिए पैसे मांगने और पैसे नहीं देने पर युवक ने एक व्यक्ति से गाली-गलौज करते हुए लोहे के चापड़ से हमला कर दिया। घटना में घायल व्यक्ति के सिर और हाथ में चोट आई है। सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ जब्त किया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार 14 सितंबर 2026 की शाम करीब 8:30 बजे करौना चौक सदर बाजार के पास सत्यम यादव ने राजेन्द्र रजक से शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और अपने पास रखे लोहे के चापड़ से राजेन्द्र रजक के सिर और हाथ पर वार कर घायल कर दिया।

घटना की शिकायत राजेन्द्र रजक के बेटे आदित्य रजक ने सिटी कोतवाली थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने 18 सितंबर को गोंडपारा रमचंदन बाड़ा निवासी सत्यम यादव (20) को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने घटना करना स्वीकार किया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लोहे का चापड़ जब्त किया। इसके बाद सत्यम यादव को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।