दयालबंद क्षेत्र में शराब पीने के लिए पैसे नहीं देने पर कार और मोटर साइकिल में तोड़फोड़ कर आग लगाने के मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में 17 वर्षीय अपचारी बालक को भी पकड़कर बाल न्यायालय में पेश किया गया है।

पुलिस के अनुसार जूना बिलासपुर निवासी मुकेश कुमार देवांगन ने शिकायत दर्ज कराई कि 16 सितंबर को उन्होंने अपनी महिंद्रा थार कार क्रमांक CG 10 BP 7770 को दयालबंद निवासी दोस्त सौरभ पानीकर के कार्यालय के सामने खड़ा किया था। रात करीब 8 बजे प्रियांशु पानीकर नशे की हालत में वहां पहुंचा और पार्किंग के पैसे मांगने लगा। पैसे देने से मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कार जलाने की बात कही।

अगली सुबह प्रार्थी को जानकारी मिली कि प्रियांशु पानीकर और उसके साथी 17 वर्षीय अपचारी बालक ने मिलकर थार कार और पैशन मोटरसाइकिल क्रमांक CG 11 MB 7981 में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगा दी। शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए प्रियांशु पानीकर, उम्र 21 वर्ष, निवासी दयालबंद को गिरफ्तार कर लिया। उसे 17 सितंबर को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। उसके साथी अपचारी बालक को बाल न्यायालय में पेश किया गया है।