आप भी सड़क से गुजरते हैं तो ऐसा अक्सर होता होगा कि कोई आपसे लिफ्ट मांगे और आप लिफ्ट दे भी देते होंगे, लेकिन बिलासपुर में बाइक से लिफ्ट देना एक युवक को भारी पड़ गया। नगपुरा से व्यापार विहार जा रहे हैं युवक से लिफ्ट लेने वाले परिचित ने सिरगिट्टी में शराब पीने के लिए पैसे मांगे । पैसे देने से इनकार करने पर तीन युवकों ने उसके साथ मारपीट की और चाकू से घायल कर दिया। बदमाशों ने युवक के गले से चांदी की चैन छिनने की भी कोशिश की। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।


 नगपुरा निवासी राघवेंद्र यादव व्यापार विहार में शेयर मार्केट का काम करता है। वह रात को 8:30 बजे व्यापार विहार जा रहा था। इसी दौरान एक परिचित ने उससे लिफ्ट मांगी। रात में उसे सिरगिट्टी देसी शराब भट्टी के पास उतार दिया । वहां तीन और लोग पहुंचे जिन्होंने शराब पीने के लिए पैसे मांगे और पैसे ना देने पर मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान किसी ने धारदार हथियार से भी हमला कर दिया। युवक से उसके गले में मौजूद चांदी की चेन छिनने के लिए उन्होंने उसे करीब डेढ़ मीटर तक घसीटा। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की पहचान निखिल पूरी, तुषार जाल और विशाल गजभिए के रूप में किया जिन्हें गिरफ्तार कर लिया है।