बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदी स्थित शराब भट्ठी में शराब खरीदने के लिए लाइन लगाने के दौरान दो लोगों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद एक व्यक्ति पर धारदार वस्तु से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी है।

पुलिस के अनुसार, हरदी शराब भट्ठी में मारपीट की सूचना मिलने पर सिरगिट्टी थाना पुलिस की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची। मौके पर घायल मिले राकेश प्रजापति को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

प्रारंभिक पूछताछ और घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में सामने आया है कि शराब खरीदने के लिए लाइन में लगने के दौरान मृतक और आरोपी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। इसके बाद आरोपी ने राकेश प्रजापति पर किसी धारदार वस्तु से हमला कर दिया और मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना सिरगिट्टी में मामले में विधिवत अपराध पंजीबद्ध करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, फरार आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच कर रही है।