900 ग्राम गांजा जब्त, कीमत 45 हजार रुपए, सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त कार्रवाई

बिलासपुर। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम मटियारी में अवैध गांजा बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों के कब्जे से कुल 900 ग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी कीमत 45 हजार रुपए बताई गई है। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार 12 नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम मटियारी स्थित बाबा धाम शिव मंदिर के पास एक व्यक्ति सफेद प्लास्टिक के थैले में गांजा रखकर बिक्री करने की तैयारी में है। सूचना पर सीपत पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश दी। वहां कवि शिकारी (32), निवासी ग्राम मटियारी और भकोली वंशकार (52), निवासी बंधवापारा इमलीभाठा, सरकंडा मिले।

तलाशी के दौरान कवि शिकारी के कब्जे से सफेद प्लास्टिक के थैले में रखा 500 ग्राम गांजा और भकोली वंशकार के पास से नीली प्लास्टिक की पन्नी में रखा 400 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने कुल 900 ग्राम गांजा जब्त किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।