12 खोली, बहतराई रोड, साइंस कॉलेज-चांटीडीह और अशोक नगर में परेशानी; रात में गड्ढे भी नहीं आते नजर
बिलासपुर। शहर की सड़कों को रोशन करने के लिए लगाए गए स्ट्रीट लाइट के पोल कई इलाकों में शोपीस बनकर रह गए हैं। कहीं एक पोल पर लाइट जल रही है तो उसके बाद के दो-तीन पोल अंधेरे में डूबे रहते हैं। 12 खोली, बहतराई रोड, साइंस कॉलेज-चांटीडीह सब्जी मंडी रोड और अशोक नगर रोड सहित कई इलाकों में स्ट्रीट लाइट बंद होने की समस्या सामने आ रही है। इससे रात में वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
सड़कों पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण गड्ढे और सड़क की खराब स्थिति दिखाई नहीं देती। खासकर दोपहिया वाहन चालकों के लिए अंधेरे रास्तों से गुजरना जोखिम भरा हो रहा है। कई जगह स्ट्रीट लाइट के पोल तो लगे हैं, लेकिन उन पर लगी लाइटें बंद पड़ी हैं। इससे सड़क पर रोशनी की व्यवस्था अधूरी नजर आती है।
नगर निगम ने शहर में स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए स्मार्ट सिटी, डीएमएफ और 15वें वित्त आयोग सहित अलग-अलग मदों से राशि खर्च की है। इसके बावजूद कई प्रमुख सड़कों पर लाइटें बंद रहने से रखरखाव और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। जरूरत है कि निगम बंद लाइटों की पहचान कर उन्हें तत्काल सुधरवाए, ताकि रात में लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।