इंस्टाग्राम पर मैसेज से शुरू हुआ संपर्क, फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट पर मुनाफा दिखाकर जीता भरोसा; एक्सिस बैंक का अधिकारी बनकर की ठगी
बिलासपुर। शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में मोटा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने मल्टीनेशनल कंपनी के एरिया एक्जीक्यूटिव से 8.66 लाख रुपए ठग लिए। ठग ने पहले इंस्टाग्राम पर संपर्क किया और खुद को एक्सिस बैंक का कस्टमर सर्विस ऑफिसर बताया। इसके बाद वाट्सएप के जरिए फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट का लिंक भेजकर निवेश कराया गया। वेबसाइट पर मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाकर पीड़ित का भरोसा जीता गया और बाद में अलग-अलग खातों में लाखों रुपए ट्रांसफर करा लिए गए।
मध्यप्रदेश के मुरैना निवासी अवधेश गुप्ता (31) वर्तमान में श्रीराम टावर, व्यापार विहार में रहते हैं। वे कोलगेट-पामोलिव में एरिया एक्जीक्यूटिव हैं। 26 जुलाई को उनके इंस्टाग्राम पर वृंदाट्रेडएल आईडी से मैसेज आया। मैसेज भेजने वाले ने खुद को एक्सिस बैंक का कस्टमर सर्विस ऑफिसर बताया। बैंक का नाम देखकर अवधेश ने उस पर भरोसा किया और अपना मोबाइल नंबर साझा कर दिया।
इसके बाद अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वाट्सएप पर उनसे संपर्क किया गया। ठगों ने उन्हें शेयर ट्रेडिंग और आईपीओ में निवेश कर अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा दिया। साथ ही एक फर्जी ट्रेडिंग वेबसाइट का लिंक भेजा गया। शुरुआत में अवधेश ने 5 हजार और 7 हजार रुपए ट्रांसफर किए। ठगों ने भरोसा बढ़ाने के लिए 2 बार में 25 हजार और 36 हजार रुपए उनके खाते में मुनाफे के नाम पर वापस भेज दिए।
खाते में रकम वापस आने के बाद अवधेश को ठगों पर भरोसा हो गया। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में उनसे और रकम निवेश के नाम पर ट्रांसफर कराई। फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर निवेश की रकम और मुनाफा बढ़ता हुआ दिखाई देता रहा। जब तक पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी उससे कुल 8.66 लाख रुपए ट्रांसफर करा चुके थे।
बैंक और सिक्योरिटीज कंपनियों के नाम से फर्जी पहचान
साइबर ठग अब बैंक और सिक्योरिटीज कंपनियों के नाम से मिलते-जुलते सोशल मीडिया हैंडल और ईमेल डोमेन बनाकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं। आधिकारिक जैसी भाषा, फर्जी रसीद और ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म पर दिखाया गया मुनाफा लोगों का भरोसा जीतने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। इस तरह शुरुआती छोटी रकम वापस भेजकर पीड़ित को अधिक निवेश के लिए तैयार किया जाता है और बाद में बड़ी रकम की ठगी की जाती है।