बिलासपुर/मस्तूरी। मस्तूरी विकासखंड के ग्राम लोहर्सी (सोन) स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल में तिमाही परीक्षा निर्धारित समय से पहले खत्म कराने का मामला सामने आया है। शासन की समय-सारणी के अनुसार हाई और हायर सेकेंडरी स्कूलों में तिमाही परीक्षा दोपहर 1 से 4 बजे तक आयोजित की जानी है, लेकिन मंगलवार को लोहर्सी स्कूल में परीक्षा दोपहर 2 बजे ही खत्म करा दी गई और स्कूल बंद कर दिया गया।

दोपहर करीब 3 बजे शाला प्रबंधन समिति के सदस्य सुरेंद्र तिवारी सहित अन्य ग्रामीण स्कूल पहुंचे तो मुख्य गेट पर ताला लगा मिला। ग्रामीणों ने स्कूल बंद होने का फोटो-वीडियो बनाया और मामले की शिकायत जिला शिक्षा अधिकारी से फोन पर की। डीईओ ने मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्राचार्य चिंता राम कश्यप ने शासन द्वारा निर्धारित परीक्षा समय का पालन नहीं किया और विद्यालय की सुविधा के अनुसार परीक्षा का समय बदल दिया। निर्धारित समय से पहले परीक्षा समाप्त कराने और स्कूल बंद कर देने को लेकर परीक्षा की गोपनीयता तथा प्रश्नपत्र की सुरक्षा पर भी सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

प्राचार्य बोले, 11 से 2 बजे तक ली परीक्षा

मामले में प्राचार्य चिंता राम कश्यप का कहना है कि विद्यालय की सुविधा के अनुसार परीक्षा का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक रखा गया था और इसी अवधि में परीक्षा पूरी करा ली गई। वहीं, शासन की निर्धारित समय-सारणी से अलग समय पर परीक्षा आयोजित किए जाने को लेकर शिक्षा विभाग की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र के चिल्हाटी स्कूल को लेकर पूर्व में भी स्कूल समय में फालूदा खाने का वीडियो वायरल होने और वित्तीय अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ चुकी हैं। अब लोहर्सी स्कूल में परीक्षा का समय बदलने के मामले में ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से जांच कर कड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।