पति की मौत के बाद तीन बच्चों को अपनाने का दिया था भरोसा, सरकंडा पुलिस ने दुर्ग जिले से पकड़ा

बिलासपुर। पति की मौत के बाद एक विधवा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाने और करीब 20 से 22 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में सरकंडा पुलिस ने मनोज कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर महिला के बीमा और बैंक खातों से रकम लेने तथा पैसे हड़पने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बैंक एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी दस्तावेज और मोबाइल फोन जब्त किया है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, पीड़िता धनेश्वरी के पति की सितंबर 2025 में मृत्यु हो गई थी। इसके बाद उसका पूर्व परिचित मनोज यादव उसके संपर्क में आया। आरोप है कि मनोज ने महिला से शादी करने और उसके तीनों बच्चों को अपनाने का भरोसा दिलाया। इस बहाने उसने महिला का विश्वास जीता और उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

आरोप है कि मनोज ने पामगढ़ में मकान खरीदने और अन्य जरूरतों का हवाला देकर महिला से बीमा व बैंक खातों की रकम हासिल की। महिला से नकद और PhonePe के माध्यम से करीब 20 से 22 लाख रुपये लिए गए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया और फरार हो गया। बाद में उसने शादी करने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने सरकंडा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की। साइबर सेल की मदद से उसकी लोकेशन दुर्ग जिले के धमधा में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां घेराबंदी कर मनोज यादव को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने महिला से रकम लेने की बात स्वीकार की। उसने बताया कि रकम का इस्तेमाल अपने और परिवार के खर्चों, सोने के जेवर छुड़ाने तथा निजी जरूरतों में किया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लेनदेन में इस्तेमाल बैंक एटीएम कार्ड, ऋण संबंधी पावती व दस्तावेज और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 69 और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया।

यह कार्रवाई पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार आर्य के नेतृत्व में की गई।