बिलासपुर। तारबाहर थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के मामले में 22 वर्षीय युवक को रायपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, नाबालिग की मां ने 9 मई 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग बेटी घर से बिना बताए कहीं चली गई है। किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उसे भगाकर ले जाने की आशंका पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि नाबालिग रायपुर में आरोपी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष के किराये के मकान में रह रही है। सूचना पर पुलिस टीम रायपुर रवाना हुई और नाबालिग को बरामद कर लिया। मामले में ग्राम नरदहा, थाना विधानसभा रायपुर निवासी ठाकुर राम रात्रे उर्फ हर्ष (22) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने नाबालिग को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था।