
बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय नाबालिग ने मोहल्ले में रहने वाले युवक पर शादी का झांसा देकर करीब ढाई साल तक शारीरिक संबंध बनाने और गर्भवती होने के बाद फरार होने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर सिरगिट्टी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार नाबालिग और आरोपी दोनों की उम्र करीब 15 वर्ष थी, तभी उनकी बातचीत शुरू हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और मोबाइल फोन पर बातचीत तथा वाट्सऐप चैटिंग होने लगी। आरोप है कि युवक ने शादी करने का भरोसा दिलाकर वर्ष 2024 में पहली बार नाबालिग से शारीरिक संबंध बनाए। इसके बाद वह लगातार करीब ढाई साल तक उसके संपर्क में रहा और संबंध बनाता रहा।
कुछ समय पहले नाबालिग के गर्भवती होने की जानकारी युवक को हुई। आरोप है कि इसके बाद वह बिना बताए फरार हो गया। कई दिनों तक इंतजार करने के बाद भी जब वह वापस नहीं आया तो नाबालिग ने पूरी घटना अपनी मां को बताई।
बताया गया है कि नाबालिग करीब पांच महीने की गर्भवती है। इसके बाद उसकी मां उसे लेकर थाने पहुंची और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़िता के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।