बिलासपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरी की दो घटनाएं सामने आई हैं। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभांठा और बेलगहना चौकी क्षेत्र के आमागोहन में चोरों ने घरों के ताले तोड़कर सोने-चांदी के जेवर, नकदी और धान समेत करीब 2 लाख 35 हजार रुपए का सामान पार कर दिया। दर्राभांठा चोरी के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक दंपती को गिरफ्तार किया है, जबकि आमागोहन मामले में आरोपियों की तलाश जारी है।

काम पर गए पति-पत्नी, पीछे से घर में चोरी

सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम दर्राभांठा के सतनामी मोहल्ला निवासी सनत कुमार रात्रे सोमवार सुबह करीब 8 बजे एनटीपीसी सीपत में मजदूरी करने चले गए थे। उनकी पत्नी सविता देवी भी सुबह करीब 8:30 बजे घर में ताला लगाकर खेत में निंदाई करने चली गईं। दोपहर करीब 11:45 बजे जब वह वापस लौटीं तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के भीतर जाने पर आलमारी का लॉकर भी खुला मिला। जांच करने पर सोने का मंगलसूत्र, तीन लॉकेट, फूल्ली, टॉप्स, चांदी की पैरी, पायल, बिछिया, अंगूठी और 10 हजार रुपए नकद समेत करीब 2 लाख रुपए का सामान चोरी होना पाया गया।

मामले की सूचना मिलने पर सीपत पुलिस ने जांच शुरू की। बीट पुलिस से मिली जानकारी और जांच के आधार पर दर्राभांठा निवासी दिनेश सोनवानी (31) और उसकी सहयोगी सनिता कौसले (37) को पुलिस ने गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से 7.66 ग्राम सोने और 361 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए हैं।

आमागोहन में परिवार के बाहर जाते ही टूटे ताले

दूसरी घटना बेलगहना चौकी क्षेत्र के ग्राम डिपरापारा आमागोहन की है। यहां रहने वाला ट्रक चालक का परिवार 23 अगस्त की दोपहर घर में ताला लगाकर बिलासपुर गया था। इसी दौरान चोरों ने सूने मकान को निशाना बनाया।

सोमवार शाम पड़ोसी ने फोन कर परिवार को घर का दरवाजा खुला होने की जानकारी दी। रात में परिवार के लौटने पर घर के दरवाजे और हॉल में रखी आलमारी का ताला टूटा मिला। जांच करने पर आलमारी से चांदी की पायल, बाजूबंद, दो चेन, चार जोड़ी बिछिया, सोने का लॉकेट और 10 हजार रुपए नकद गायब मिले। इसके अलावा कमरे में रखी दो बोरी धान भी चोर ले गए।

बेलगहना पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में संदिग्धों की तलाश के साथ चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटा रही है।

दोनों घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में सूने मकानों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि घर को लंबे समय के लिए सूना छोड़ते समय पड़ोसियों को इसकी जानकारी दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।