जनहित याचिका पर सुनवाई, राज्य सरकार ने जवाब के लिए मांगा समय

बिलासपुर। हाईवे और सार्वजनिक सड़कों पर बाइक से खतरनाक स्टंट, रेसिंग और सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन के बढ़ते मामलों को लेकर हाई कोर्ट ने राज्य सरकार को गाइडलाइन तैयार करने के निर्देश दिए हैं। चीफ जस्टिस कृष्ण राम महापात्र और जस्टिस संतोष शर्मा की डिवीजन बेंच ने कहा कि पुलिस महानिदेशक (DGP) की ओर से समय-समय पर निर्देश जारी किए गए हैं, लेकिन ऐसी गतिविधियों से निपटने के लिए स्पष्ट गाइडलाइन जरूरी है। सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने जवाब पेश करने के लिए समय मांगा।

सड़कों पर बर्थडे सेलिब्रेशन के दो मामलों को लेकर 29 जनवरी 2025 को दैनिक भास्कर में प्रकाशित खबर पर हाई कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया था। इसके बाद मामले की जनहित याचिका के रूप में सुनवाई शुरू हुई और DGP, बिलासपुर SSP समेत अन्य अधिकारियों से जवाब मांगा गया।

24 अगस्त 2026 को हुई पिछली सुनवाई में बिलासपुर SSP की ओर से शपथपत्र पेश किया गया था। इसमें बताया गया कि कोरी डैम के पास बाइक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार किया, बाइक जब्त की और बाद में चार्जशीट पेश की। सभी थानों को खतरनाक स्टंट, रेसिंग और सोशल मीडिया रील बनाने के लिए चलती गाड़ियों के इस्तेमाल के मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वायरल वीडियो और न्यूज रिपोर्ट के माध्यम से सामने आने वाले मामलों की भी निगरानी की जा रही है।

पुलिस मुख्यालय के सर्कुलर के बावजूद गाइडलाइन पर जोर

सुनवाई में बताया गया कि DGP ने सभी जिलों के SP और SSP को सड़क पर स्टंट और बर्थडे सेलिब्रेशन रोकने, दोषियों पर तत्काल कार्रवाई तथा जनजागरूकता के निर्देश दिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने सर्कुलर क्रमांक 6/2025 के माध्यम से दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। 25 अक्टूबर 2025 को संभागायुक्तों, IG, कलेक्टरों और SP की बैठक में सड़क सुरक्षा और सड़क पर हुड़दंग से जुड़ी शिकायतों पर 15 से 30 मिनट में रिस्पॉन्स देने की व्यवस्था बनाने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद हाई कोर्ट ने सरकार से ऐसी गतिविधियों की रोकथाम के लिए स्पष्ट गाइडलाइन तैयार करने को कहा है।

13 महीने में 26 से ज्यादा मामले, 80 से अधिक आरोपी पकड़े

बिलासपुर में सड़क पर स्टंट और बर्थडे सेलिब्रेशन के मामलों में अब तक अधिकांश कार्रवाई वायरल वीडियो के आधार पर हुई है। वहीं करोड़ों रुपए की लागत से लगाए गए ITMS कैमरों से अब तक सड़क पर स्टंटबाजी या खतरनाक ड्राइविंग का कोई मामला पकड़े जाने की जानकारी सामने नहीं आई है।

बिलासपुर पुलिस के रिकॉर्ड के अनुसार पिछले 13 महीनों में सड़क पर स्टंटबाजी, खतरनाक ड्राइविंग और सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन से जुड़े 26 से ज्यादा मामले दर्ज किए गए हैं। इनमें 19 मामले स्टंटबाजी और 8 मामले सड़क पर बर्थडे सेलिब्रेशन के हैं। इन मामलों में 47 वाहन जब्त किए गए हैं, जबकि 80 से ज्यादा आरोपियों को पकड़ा गया है।