सरकंडा इलाके से सोशल मीडिया पर एक के बाद एक दो वीडियो वायरल, अशोक नगर अटल आवास में भी हुआ विवाद; किसी पक्ष ने थाने में नहीं की शिकायत

बिलासपुर। सरकंडा इलाके में युवतियों के दो पक्षों के बीच मारपीट के दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। पहले वीडियो में युवतियां बहतराई की सड़क पर एक-दूसरे से भिड़ती नजर आ रही हैं, जबकि दूसरा वीडियो अशोक नगर स्थित अटल आवास का बताया जा रहा है। दोनों घटनाओं को लेकर शहर में चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

बहतराई में युवतियों के बीच किसी बात को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। वायरल वीडियो में युवतियां एक-दूसरे के बाल खींचते हुए थप्पड़ और लात-घूंसे बरसाती दिखाई दे रही हैं। सड़क पर हुए इस हंगामे के दौरान राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, जबकि कई लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे।

बताया जा रहा है कि शाम को युवतियों का समूह एक बार फिर आमने-सामने आ गया। इस बार अशोक नगर अटल आवास में विवाद और मारपीट का वीडियो सामने आया है। लगातार दो वीडियो वायरल होने के बाद युवतियों के बीच विवाद की वजह को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

सरेराह और आवासीय इलाके में इस तरह मारपीट की घटनाओं के वीडियो सामने आने के बावजूद फिलहाल किसी पक्ष ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज नहीं कराई है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर घटनास्थल और मारपीट में शामिल युवतियों की पहचान करने में जुटी है।