चालक राकेश कुमार पर कार्रवाई, राहगीर से बहस करने वाले पीएसओ को मिली निंदा की सजा; वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने लिया संज्ञान
बिलासपुर। बृहस्पति बाजार में नो-पार्किंग जोन में इनोवा खड़ी कर यातायात बाधित करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चालक राकेश कुमार पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया है। जांच में वाहन पूर्व नेता प्रतिपक्ष और जांजगीर के पूर्व विधायक नारायण चंदेल के नाम पर पंजीकृत पाया गया। चालान की राशि जमा कर दी गई है। वहीं, वाहन हटाने को लेकर राहगीर से बहस करने वाले सुरक्षा में तैनात पीएसओ को अनुशासनहीनता के मामले में निंदा की सजा दी गई है।
घटना शुक्रवार को बृहस्पति बाजार में हुई थी। बाजार के बीच नो-पार्किंग जोन में इनोवा खड़ी होने से अन्य वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई थी। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों ने जब चालक से गाड़ी हटाने को कहा, तो मौके पर मौजूद पीएसओ की उनसे बहस हो गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद लोगों ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद मामले को लेकर खबर प्रकाशित हुई और पुलिस ने शनिवार को कार्रवाई की। वाहन की जांच में उसके पूर्व विधायक नारायण चंदेल के नाम पर पंजीकृत होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर चालक के खिलाफ 500 रुपये का चालान किया।
वहीं, राहगीर से बहस करने वाले पीएसओ के व्यवहार को अनुशासनहीनता मानते हुए उसे निंदा की सजा दी गई। बाजार जैसे व्यस्त इलाके में सड़क पर वाहन खड़ा करने और उसे हटाने की बात पर विवाद होने की इस घटना ने यातायात व्यवस्था के साथ सार्वजनिक स्थानों पर जिम्मेदार व्यवहार को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं।