एक सप्ताह में बिल्हा पुलिस ने 11 स्थायी वारंट किए तामील
बिलासपुर। ऑपरेशन बाज के तहत बिल्हा पुलिस ने स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान में सफलता हासिल की है। पुलिस ने बलौदाबाजार जिले के रमदईया निवासी लीलाराम ध्रुव (23) को गिरफ्तार किया है। वह सड़क दुर्घटना के एक मामले में आरोपी था और लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने उसे 19 अक्टूबर को न्यायालय में पेश किया।
पुलिस के अनुसार, डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर जिले के सभी थाना-चौकी क्षेत्रों में स्थायी वारंटियों की पतासाजी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मधुलिका सिंह और नगर पुलिस अधीक्षक चकरभाठा राजेश जोशी के मार्गदर्शन में बिल्हा पुलिस की टीम वारंटियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान सूचना तंत्र से लीलाराम ध्रुव के संबंध में जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसे पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी प्रशिक्षु उप निरीक्षक आकाश कुमार बंजारे, निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, आरक्षक उपेंद्र ठाकुर, अर्जुन जांगड़े और संतोष मरकाम का विशेष योगदान रहा। पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन बाज के तहत स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी का अभियान आगे भी जारी रहेगा। बिल्हा पुलिस ने एक सप्ताह के भीतर 11 स्थायी वारंट तामील किए हैं।