बिलासपुर। तिफरा सब्जी मंडी में रविवार सुबह पार्षद और सब्जी कारोबारी बंधु मौर्य के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुरानी रंजिश और व्यापारिक लेनदेन को लेकर हुए विवाद के बाद दोनों पक्ष सिरगिट्टी थाने पहुंचे। एक पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराध दर्ज किया है, जबकि दूसरे पक्ष की शिकायत की जांच की जा रही है।
एएसपी पंकज पटेल के मुताबिक, दयालबंद निवासी बंधु मौर्य ने मारपीट की शिकायत करते हुए पुलिस को सीसीटीवी फुटेज सौंपा है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले बंधु मौर्य पर दूसरे प्रदेश से शूटर बुलाकर हत्या के प्रयास की घटना भी सामने आई थी। मंडी में हुए ताजा विवाद के बाद पुलिस पुरानी रंजिश के पहलू को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है।