महिला का दावा- भर्ती रहने के दौरान डॉक्टरों ने कीटनाशक के प्रभाव की पुष्टि की

बिलासपुर। कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने के मामले में सिविल लाइन पुलिस ने एक महिला की शिकायत पर उसकी बहू के खिलाफ केस दर्ज किया है। 57 वर्षीय रूखमणी ठाकुर उर्फ भूखिन ठाकुर ने आरोप लगाया है कि बहू ने उन्हें दी गई कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक या कोई जहरीला पदार्थ मिला दिया था। पुलिस ने महिला के बयान और उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर धारा 118 (1) के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रूखमणी के अनुसार 17 जुलाई की सुबह वह काम से घर लौटी थीं। उपवास होने के कारण बहू ने उन्हें कोल्ड ड्रिंक दी। इसे पीने के बाद उन्होंने चाय भी पी। कुछ देर बाद उन्हें उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गईं। परिजन उन्हें मंगला चौक स्थित निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया। महिला का दावा है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान डॉक्टरों ने उनकी तबीयत बिगड़ने का कारण कीटनाशक का प्रभाव बताया था।

महिला ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि उसे अपनी बहू के एक युवक से प्रेम संबंध की जानकारी हुई थी। इसकी जानकारी उसने अपने बेटे को दी थी। इसके बाद 10 जुलाई को पति ने बहू का मोबाइल अपने पास रख लिया था। महिला का आरोप है कि इसी बात को लेकर बहू ने उसे निशाना बनाया।

मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर दर्ज हुआ केस

सिविल लाइन थाना प्रभारी किशोर केंवट ने बताया कि महिला की शिकायत के साथ मेडिकल और पैथोलैब रिपोर्ट भी दी गई है। महिला के बयान और उसके द्वारा उपलब्ध कराए गए साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। डॉक्टरों की अनुमति मिलने के बाद 2 अगस्त को महिला का बयान दर्ज किया गया था। अब आरोपी बहू का बयान भी लिया जाएगा। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।