पिछले साल आयोजन को लेकर दो समितियों के बीच हुआ था विवाद, इस बार निगम ने खुद संभाली जिम्मेदारी
बिलासपुर। साइंस कॉलेज मैदान में इस बार पहली बार नगर निगम की ओर से दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। निगम ने आयोजन को भव्य रूप देने की तैयारी शुरू कर दी है। मैदान में करीब 80 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। इसके साथ ही आकर्षक झांकी, पंडाल और आतिशबाजी भी आयोजन के प्रमुख आकर्षण रहेंगे।
दरअसल, साइंस कॉलेज मैदान में पहले अरपांचल दशहरा उत्सव समिति की ओर से दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाता था। पिछले साल आयोजन की जिम्मेदारी दूसरी समिति ने संभाली थी। आयोजन के दौरान दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति बन गई थी। इसके बाद इस बार विवाद से बचने और आयोजन को व्यवस्थित तरीके से कराने के लिए नगर निगम ने खुद दशहरा उत्सव की जिम्मेदारी लेने का निर्णय लिया है।
व्यवस्था के लिए बनेगी अधिकारियों की टीम
आयोजन को लेकर निगम स्तर पर तैयारियां शुरू हो गई हैं। जल्द ही अधिकारियों की टीम गठित कर उन्हें अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी। मंच, पंडाल, झांकी, बिजली, सफाई, यातायात और सुरक्षा की व्यवस्था के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी दी जाएगी।
निगम की योजना साइंस कॉलेज मैदान में दशहरा उत्सव को पुलिस मैदान में होने वाले बड़े आयोजनों की तर्ज पर आयोजित करने की है। दर्शकों के बैठने के लिए व्यवस्था के साथ पंडाल और अन्य जरूरी इंतजाम किए जाएंगे। झांकी और आतिशबाजी को आकर्षण का केंद्र बनाया जाएगा। रावण दहन के दौरान सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा।