बिलासपुर | ऑपरेशन प्रहार के तहत बिल्हा पुलिस ने अवैध शराब बिक्री और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 40 नग देशी प्लेन शराब, कुल 7.2 लीटर, कीमत करीब 3200 रुपए बरामद की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार अवैध शराब की बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए क्षेत्र में मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया है। इसी दौरान 23 सितंबर को सूचना मिली कि ग्राम भैसबोड़ रेलवे अंडरब्रिज के पास एक व्यक्ति साइकिल रिक्शा में बड़ी मात्रा में शराब लेकर बिक्री के लिए खड़ा है।
सूचना पर बिल्हा पुलिस की टीम ने मौके पर घेराबंदी की। वहां साइकिल रिक्शा के साथ मिले व्यक्ति से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नरेश कुमार कोसले (45), निवासी भैसबोड़ बताया। तलाशी लेने पर कपड़े की थैली में 40 नग देशी प्लेन शराब मिली। पुलिस ने शराब जब्त कर आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक तोपसिंह नवरंग, प्रशिक्षु उप निरीक्षक रोशनी ध्रुव, आरक्षक सुमन चंद्रवंशी और आरक्षक अर्जुन जांगड़े की विशेष भूमिका रही।