
मुंगेली। साइबर ठगी और ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी से लोगों को बचाने के लिए मुंगेली पुलिस अभियान ‘पहल’ के तहत ग्रामीण और शैक्षणिक क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। मंगलवार को लोरमी क्षेत्र के वनांचल ग्राम मौहामाचा में 60 महिलाओं और शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में 305 विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही नवीन कानूनों और यातायात नियमों की जानकारी भी दी गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों में महिलाओं को बैंक खातों से जुड़ी धोखाधड़ी के प्रति सतर्क किया गया। पुलिस ने बताया कि साइबर ठग अलग-अलग तरीके अपनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते हैं और उनकी जमा पूंजी पर हाथ साफ कर देते हैं। इससे बचने के लिए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए। अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचना जरूरी है।
विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की सीख
शासकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय कोना में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में 305 विद्यार्थियों को इंटरनेट और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने के तरीके बताए गए। उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने, साइबर अपराधों की पहचान करने, नवीन कानूनों और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया। विद्यार्थियों ने भी सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
ठगी होने पर 1930 पर करें शिकायत
मुंगेली पुलिस ने नागरिकों को बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर बिना देरी किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं। आपातकालीन सहायता के लिए डायल 112 का उपयोग किया जा सकता है। पुलिस के अनुसार, अभियान ‘पहल—बदलाव की शुरुआत, सुरक्षा के साथ’ के माध्यम से महिलाओं, विद्यार्थियों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने का प्रयास लगातार जारी है।