बिलासपुर। थाना सकरी क्षेत्र में पुरानी रंजिश और आपसी विवाद के चलते लगातार शांति भंग करने वाले 13 लोगों के खिलाफ सकरी पुलिस ने प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर बीएनएसएस की धारा 170, 126 एवं 135(3) के तहत इस्तगाशा तैयार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस के अनुसार, 23 जून की सुबह ईरानी पारा पांड निवासी नजर नब्बास अली ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि 22 जून की रात शराफत अली, सज्जाद अली, एजाज अली और नजफ अली ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी दी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 595/2026 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

इसी प्रकार सैदा निवासी कविता दुबे की शिकायत पर प्रवीण दुबे और प्रशांत दुबे के विरुद्ध अपराध क्रमांक 592/2026 दर्ज किया गया। वहीं पूर्व में 25 मई को लखन पटेल की रिपोर्ट पर भी मारपीट और विवाद से संबंधित अपराध पंजीबद्ध किया गया था।

पुलिस जांच में सामने आया कि विभिन्न मामलों में अपराध दर्ज होने के बावजूद संबंधित पक्षों के बीच विवाद समाप्त नहीं हुआ और वे लगातार लड़ाई-झगड़ा कर क्षेत्र की शांति व्यवस्था प्रभावित कर रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री रजनेश सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री पंकज कुमार पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक (सिविल लाइन) श्री निमितेश सिंह परिहार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सकरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई उनमें असलम अली, अकरम अली, कासिम अली, अली खान जाफरी, शराफत अली, नजफ अली, जान मोहम्मद, एहसास अली, सज्जाद अली, प्रवीण दुबे, प्रशांत दुबे, शिवराज यादव उर्फ भर्रा तथा त्रिवेव यादव उर्फ श्रीदेव उर्फ नानू शामिल हैं।

सकरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और लोक शांति भंग करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।