शशि मिश्रा

बिलासपुर। शहर के रिवर व्यू क्षेत्र में नवजात का भ्रूण मिलने से सनसनी फैल गई। सुनसान इलाके में भ्रूण पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और भ्रूण को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भ्रूण को वहां कौन छोड़कर गया और इसके पीछे क्या कारण रहे।

वैसे प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह भ्रूण वहां एक कुत्ता खींच कर लाया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। कोतवाली थाना प्रभारी देवेश राठौर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के साथ जिम्मेदार लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा। घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, वहीं पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।